बच्चों में बिस्तर गीला करने की समस्या और उपचार
अब यह भी कोई बात हुयी कि आपका पांच साल का बच्चा आपके साथ कहीं बाहर नहीं जा सकता | उसके कमरे में जाते हुये आपको यही डर लगा रहता है कि क्या आज फिर आपको उसके गीले बिस्तर बाहर सूखाने होंगे – फिर यदि बारिश का महीना हो या कड़कती ठंड तो यह सब और भी मुसीबत|
आप गुस्से में भर कर या तो उसे दो तमाचे जड़ देंगी या फिर परिवार अथवा मित्रों के सामने झाड़ पिलायेंगे | पर क्या इससे समस्या का हल निकल जायेगा ? शायद नहीं |
आपके बच्चे में एक कॉम्प्लेक्स ज़रूर आ जायेगा और शायद इसके लिये वे आपको कभी माफ़ नहीं कर पाये| इससे पहले कि बात इतनी बिगड़े, आपका इस समस्या की तह तक जाना आवश्यक है – यह क्या है, क्यों होता है और इस समस्या की रोकथाम कैसे संभव है?
बिस्तर गीला करना बच्चों की गलती नहीं है
इस समस्या से लगभग 15-20% बच्चे, 3-4% किशोर और कुछ प्रतिशत युवक युवतियाँ प्रभावित रहती हैं। जबकि ज़्यादातर यह लोग-दिन में सोते वक़्त तो अन्य सामान्य लोगों की ही भांति इस समस्या से मुक्त रहते हैं पर रात को यही लोग बिस्तर गीला करते हैं | ज़ाहिर है कि यह समस्या कई तत्वों का सम्मिश्रण है, जैसेकि: :
- कोई मानसिक डर या तनाव
- भयानक सपने
- गुर्दे, आदि से संबंधित कोई बीमारी
- किसी दवा का साइड-इफ़ेक्ट
- गहरी नींद या नींद के अन्य विकार जैसे स्लीप एपनिया
- पेट के कीड़े
- पारिवारिक अथवा आनुवांशिकी कारण
- हारमोन असुंतलन
- डायबिटीज़
- मूत्राशय की मांसपेशियों की कमज़ोरी या अधिक सक्रियता
- कब्ज अथवा पाचन में परेशानी
- आलस्य
- चाय कॉफी का सेवन
- मनोवैज्ञानिक कारण
बिस्तर गीला करना बचपन में एक सामान्य बात भी है ! वैसे लड़कों में 12-13 वर्ष की उम्र तक पहुंचने और लडकियों में मासिक धर्म शुरू होने के बाद यह समस्या अधिकतर अपने आप ही ठीक हो जाती हैं। आप धैर्य, संयम और डॉक्टर की मदद से अपने बच्चे की इस समस्या से जूझने में मदद कर सकते हैं | कभी भी अपने बच्चे की भावनाओं को ठेस न पहुँचायें बल्कि उसे आत्म-विश्वास प्रदान करें| निम्नलिखित सुझाव भी आपके लिये मददगार साबित हो सकते हैं :
- बच्चे को सोने से पहले दो बार पेशाब करने की आदत डालें|
- शाम के समय तरल पदार्थों का सेवन सीमित मात्रा में करवाएं|
- रात को उठा कर एक बार समस्या ग्रस्त बच्चों को रात में जगा कर पेशाब करवा दें
- बच्चों के कमरे में नाइट लैम्प जला कर सोयें ताकि अगर बच्चों में अंधेरे का डर बना है तो उजाला उन्हें शौचालाय इस्तेमाल करने को प्रेरित करेगा |
अन्य संभावित इलाज
साइकोथेरेपी : थैरेपिस्ट आपके बच्चे की मनोभावना और उसके भावनात्मक परेशानी को समझने का प्रयास करेगा और मुमकिन निदान भी प्रदान कर सकता है |
भोजन और पाचन, आदि – निश्चित करें कि बच्चा कैफिन युक्त पेय पदार्थों के सेवन से बचे | बिस्तर गीला करने का एक बड़ा कारण कब्ज और बदहजमी भी हो सकती हैं। अत: बाल चिकित्सक से इस विषय में तथा किन्हीं अन्य संभावनाओं का उल्लेख कर , विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त करें |






